बेंगलुरु। हाईकोर्ट फिल्म ठग लाइफ के रिलीज पर सुरक्षा देने की याचिका पर करा रहा सुनवाई बेंगलुरु,। कर्नाटक हाईकोर्ट ने अभिनेता कमल हासन को उनके द्वारा की गई टिप्पणी पर माफी मांगने से इनकार करने पर फटकार लगाई। कोर्ट कमल हासन की फिल्म ठग लाइफ के राज्य में रिलीज होने पर सुरक्षा का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। फिल्म के निर्माताओं ने कोर्ट को बताया कि यह फिल्म 5 जून को कर्नाटक में रिलीज नहीं होगी, जो पूरे देश में रिलीज की तय तिथि है, जिसके बाद कोर्ट ने सुनवाई 10 जून तक के लिए स्थगित कर दी।
कमल हासन के प्रोडक्शन हाउस राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने अभिनेता हासन की टिप्पणी के बाद व्यापक विरोध प्रदर्शन और कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा बहिष्कार के आह्वान के मद्देनजर राज्य में फिल्म की रिलीज के लिए पर्याप्त सुरक्षा देने का अनुरोध किया था। केएफसीसी ने कमल हासन से माफी मांगने की मांग की है। न्यायमूर्ति नागप्रसन्ना ने कहा कि अभिनेता एक बार माफी मांगने से स्थिति सुलझ सकती थी, उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का इस्तेमाल किसी की विशेष रूप से जनसमूह की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की सीमा तक नहीं किया जा सकता। न्यायाधीश ने कहा कि अभिनेता के हालिया बयान से कर्नाटक के लोगों की भावना को ठेस पहुंची है। कोर्ट ने कहा कि लोगों की भावनात्मक और सांस्कृतिक पहचान होती है। कोर्ट ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी व्यक्ति को ऐसी टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है जो पूरे भाषाई समुदाय के गौरव को ठेस पहुंचाए। न्यायमूर्ति नागप्रसन्ना ने सवाल किया कि क्या आप कमल हासन इतिहासकार या भाषाविद् हैं जो ऐसा बयान दे रहे हैं? एक माफी से स्थिति सुलझ सकती थी।








