पार्षद के साथ स्थानीय रहवासियों ने की नगर निगम आयुक्त से शिकायत
जबलपुर। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले गोलबाजार शहीद स्मारक परिसर में विकसित किए जा रहे वॉकिंग पाथवे की फेंसिंग का कार्य पिछले डेढ़ महीने से बंद पड़े होने के चलते आज क्षेत्रीय रहवासियों ने स्थानीय पार्षद अयोध्या तिवारी के साथ नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर नाराजगी जाहिर की और काम को पुनः प्रारंभ कराने की मांग की।
पार्षद तिवारी ने बताया कि गोलबाजार क्षेत्र को स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के अंतर्गत कनॉट प्लेस की तर्ज पर सुव्यवस्थित व सुंदर बनाने का लक्ष्य था। इसके अंतर्गत स्मार्ट रोड्स, ड्रेनेज सिस्टम, हेरिटेज इलेक्ट्रिक पोल्स और लोगों की सुबह-शाम की वॉकिंग सुविधा के लिए पाथवे निर्माण शामिल था। हालांकि अधिकांश कार्य जैसे कि सड़कें, नालियाँ, और पोल्स पूरे कर दिए गए, लेकिन पाथवे फेंसिंग अधूरी छोड़ दी गई, जिससे यह स्थान अतिक्रमणकारियों का केंद्र बन गया है।
पार्षद तिवारी ने बताया कि इस पाथवे पर लोगों ने चाय-पान और नाश्ते के ठेले लगा लिए हैं, जिससे पथ पर पैदल चलना असंभव हो गया है। इस समस्या को लेकर उन्होंने नगर निगम आयुक्त से निरीक्षण कराकर फेंसिंग का प्रस्ताव रखा था, जिसे स्वीकृति भी मिल गई थी और कार्य प्रारंभ हो गया था। परंतु बिना किसी स्पष्ट कारण के काम को बीच में ही रोक दिया गया, जिससे पहले से व्यय की गई राशि भी व्यर्थ होती प्रतीत हो रही है।
इस संदर्भ में स्थानीय नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने पार्षद अयोध्या तिवारी के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की और फेंसिंग का शेष कार्य तत्काल पूरा कराने की मांग की। आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि फेंसिंग का कार्य शीघ्र ही पुनः प्रारंभ कराया जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में पार्षद अयोध्या तिवारी के अलावा अमित जैन, नीरज दानपति, दिलीप अवस्थी, जयदीप शाह, कौशिक सरकार, मिताली गाला, एडवोकेट प्रियांकुश जैन, एडवोकेट सुनीश तिवारी, एडवोकेट सचिन जैन, नीलेश जैन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।








