जबलपुर। क्राईम ब्रांच की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कल देर रात एक बिना नंबर की कार नेक्सान को बरगी बाईपास के पास नाकाबंदी कर रोका| इस दौरान कार चालक ने भागने की कोशिश की, पुलिस ने उसका पीछा किया, कार को रिवर्स कर पुलिस के वाहन को टक्कर मारी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए| इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए| पुलिस ने कार जब्त कर ली है जिसमें 63 किलो 15 ग्राम गांजा और 3 मोबाइल जब्त किए है| गांजे की कीमत लगभग साढ़े 12 लाख रुपए बताई गई है| बरगी पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भरतीपुर निवासी पवन सोनकर और उसके दो साथी बिना नम्बर की एक ग्रीन कलर की टाटा नैक्सान कार गांजा रखकर धूमा से बरगी की ओर आ रहे थे| सूचना पर क्राईम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने बरगी बायपास के निकट नाकाबंदी कर कार को रोकने की कोशिश की, कार चालक ने कार नहीं रोकी एवं कार के चारों इंडिकेटकर जलाकर तेजी से बरगी की ओर भागने लगा जिसका पीछा करते हुये टोल नाके के पास ट्रक को नैक्सान कार के आगे अडवाकर रोकने का प्रयास किया कार चालक बार बार कार को रिवर्स कर पुलिस टीम की कार में टक्कर मारने लगा जिससे दोनों कारें क्षतिग्रस्त हुई, कार रोककर कार चला रहा पवन सोनकर अपने 2 साथियो के साथ उतरकर खुर्सी की ओर झाडियों से होता हुआ भागने में सफल हो गया| कार की तलाशी लेने पर कार के अंदर नीले रंग की 6 पन्नियों में अवैध मादक पदार्थ गांजा, 3 मोबाईल, गाडी का आरसी कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड एवं एक फाईल जिसमें निशांत सिंह लिखा है गाडी के कागजात तथा एक खाली स्टैम्प दिनॉक 7 नवंबर 23 का जारी किया हुआ, एवं पवन सोनकर के नाम के गिरफ्तारी वारंट का कैन्सेलेशन वारंट मिला। आरसी में वाहन क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 9781 तथा वाहन स्वामी का नाम निशांत सिंह लिखा है जो इसी नंबर पर रजिस्ट्रट पाया गया| कार में कुल 63 किलो 15 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 12 लाख 60 हजार रुपए है वहीं 3 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड, आर.सी. बुक, फाईल तथा टाटा नैक्सान कार जप्त करते हुये आरोपियेां के विरूद्ध थाना बरगी में धारा 8, 20 एन.डी.पी.एस एवं 324(4) बीएनएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त करने में थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक नरेश पासी, प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डे, अखिलेश पाण्डे, रूस्तम अली, एवं थाना बरगी के उप निरीक्षक सरिता पटेल, उप निरीक्षक कैलाशपुरी डेहरिया, प्रधान आरक्षक विजय पटेल, आरक्षक दुर्गेश झारिया, शेर सिंह, विपुल, तथा सायबर सेल के प्रधान आरक्षक अमित पटेल की सराहनीय भूमिका रही।