नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बार फिर बयान दिया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद किया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय वायुसेना के अद्वितीय पराक्रम का शानदार उदाहरण है। एयर चीफ मार्शल ने कहा कि इस अभियान ने दुश्मन पर त्वरित, सटीक और निर्णायक प्रहार करने की भारतीय वायुसेना की क्षमता को प्रदर्शित किया है।
वायुसेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड में सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने सशस्त्र बलों के बीच असाधारण समन्वय और एकीकरण को प्रदर्शित किया है। उन्होंने युवा अधिकारियों से आह्वान किया कि वे सेवा में आगे बढ़ने के साथ-साथ एकजुटता की भावना को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय वायुसेना के अद्वितीय पराक्रम का शानदार उदाहरण है। आप वायुसेना का भविष्य हैं और आपको यह समझना होगा कि वायुसेना हमेशा से ही सबसे पहला कदम उठाने वाली रही है और रहेगी।
उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक द्वारा भारतीय वायुसेना पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और हमें इसके लिए तैयार रहना चाहिए। यह कार्यक्रम भारतीय वायुसेना की कई शाखाओं में फ्लाइट कैडेट्स के सेवा में शामिल होने से पहले के प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूरा होने पर आयोजित किया गया था।








