मैंने टीम की जरूरतों के अनुसार खेलना सीख लिया : प्रसिद्ध कृष्णा
नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा कि उन्होंने टीम की जरूरतों के अनुसार खेलना सीख लिया है। चोट से उबरकर वापसी करने वाले प्रसिद्ध ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और सर्वाधिक विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की। वे अब इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से लीड्स में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को लेकर खुश हैं। प्रसिद्ध ने कहा, आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि जब आपका मौका आए, तब आप उसके लिए तैयार रहें, लेकिन आप वास्तव में लंबे समय तक ध्यान केंद्रित नहीं रख सकते हैं, खासकर जब आप बाहर बैठे हों, इसलिए आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आप थोड़ा मौज-मस्ती करें। उन्होंने कहा,‘‘जब आप जानते हैं कि आप स्थिति को भांप सकते हैं, तब आप यह सुनिश्चित करते हैं कि आप विशेष परिस्थितियों में अपनी टीम की मदद करें। प्रसिद्ध ने कहा, मुझे लगता है कि हम सभी इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि कब स्विच ऑन और कब स्विच ऑफ करना है। प्रसिद्ध ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले कुछ अभ्यास मैच खेलने से टीम को फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी के लिए मैदान पर कुछ समय बिताना बेहद जरुरी है। गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की जबकि बल्लेबाजों ने भी जज्बा दिखाया। जब आप अपने आपस में ही मैच खेलते हैं, बहुत अच्छा लगता है।’’