newslifeindia

गुजरात के पूर्व सीएम रूपाणी का आज शाम होगा अंतिम संस्कार

राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी विदाई, अमित शाह होंगे शामिल
अहमदाबाद। गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की पार्थिव देह को सोमवार को अहमदाबाद सिविल अस्पताल से राजकोट लाकर उनके परिवार को सौंपा जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में गृहमंत्री अमित शाह समेत कई राजनेता शामिल होंगे।
बता दें 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में पूर्व सीएम विजय रूपाणी की मौत हो गई थी साथ ही प्रशासन ने बताया कि अब तक 92 शवों का डीएनए से पहचान हो चुकी है, जिनमें से 47 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पूर्व सीएम विजय रूपाणी का परिवार उनके पार्थिव देह को अहमदाबाद से हवाई मार्ग से राजकोट जाएगा, जहां करीब एक घंटे उनके शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद शाम करीब पांच बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
विजय रूपाणी की देह की पहचान के लिए उनके परिवार ने डीएनए सैंपल दिया था। 15 जून को उनके भतीजे अनिमेष रूपाणी के सैंपल के साथ डीएनए मिलान किया गया, जिससे उनकी पहचान हुई। पूर्व सीएम के मृतदेह को एआई100 नंबर दिया गया है।
अहमदाबाद सिविल में स्थित पोस्टमार्टम रूम पहुंचे गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल और कैबिनेट मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने विजय रूपाणी की डीएनए मैच होने की जानकारी दी थी।
बता दें 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और एयरपोर्ट के पास स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग से टकरा गया। इस हादसे में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री, 10 क्रू मेंबर्स और दो पायलट शामिल थे। विमान में सवार एक यात्री को छोड़कर सभी लोगों की मौत हो चुकी है।
अहमदाबाद प्रशासन ने बताया कि विमान हादसे मामले में अब तक 92 शवों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से 47 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम के लिए 13 मृतकों के परिजन मौजूद हैं, जिन्हें जल्द ही उनके परिजनों के शव सौंप दिए जाएंगे। 12 रिश्तेदार जिन्होंने एक से अधिक रिश्तेदारों को खोया है, वे अन्य रिश्तेदारों के डीएनए सैंपल से मिलान के बाद आएंगे।
बता दें विजय रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को रंगून (अब म्यांमार) में हुआ था। उनका परिवार 1960 के दशक में राजकोट चला गया था। उन्होंने धर्मेन्द्र सिंह कला महाविद्यालय से बीए और सौराष्ट्र विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की थी। वह 1971 से एबीवीपी, आरएसएस और जनसंघ से जुड़े थे। 1976 के आपातकाल के दौरान उन्हें भावनगर और भुज की जेलों में 11 महीने कैद में रहे। 1978 से 1981 तक उन्होंने आरएसएस के प्रचारक के रूप में भी काम किया।
साल 1987 में वे राजकोट नगर निगम में पार्षद चुने गए और जल निपटान समिति के अध्यक्ष बने। 1988 से 1996 तक वह राजकोट नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष रहे। उन्होंने 1996 से 1997 तक राजकोट के मेयर के रूप में भी कार्य किया।
इसके बाद वह साल 1998 में गुजरात बीजेपी के राज्य महासचिव बने और चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष भी रहे। वह 2006 से 2012 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। 2006 में उन्हें गुजरात पर्यटन का अध्यक्ष बनाया गया और 2013 में वे नगर वित्त बोर्ड के अध्यक्ष बने।
इसके बाद साल 2014 में वजुभाई वाला के जाने के बाद वे राजकोट (पश्चिम) सीट से उपचुनाव जीतकर विधायक बने और आनंदीबेन पटेल की सरकार में उन्हें परिवहन, श्रम एवं रोजगार तथा जल आपूर्ति मंत्री का दायित्व सौंपा गया. इसके बाद वह फरवरी 2016 में गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष बने। वहीं अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के बाद उन्होंने 7 अगस्त 2016 को गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 2017 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत के बाद वह दूसरी बार सीएम बने। उन्होंने 11 सितंबर 2021 को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद भूपेंद्र पटेल गुजरात के सीएम बन गए। इसके बाद उन्होंने साल 2022 में घोषणा की कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
Deepu Choubey

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In IndiaDigital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल