बैतूल। जिले में अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर बदमाश को अवैध देशी कट्टे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया है। कोतवाली पुलिस को 15-16 जून 2025 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अवैध हथियार के साथ रानीपुर रोड क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर आरोपी गोलू उर्फ प्रवीण राठौर (48 वर्ष), निवासी पाढर के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपी की स्कॉर्पियो (क्रमांक MP 48 C 4593) जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, जुआ, सट्टा और आर्म्स एक्ट के कुल 13 प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे अवैध हथियारों की आपूर्ति व स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविकांत डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश सरयाम, प्रधान आरक्षक दीपक कटियार, तरुण पटेल, अरविंद, शिवकुमार तथा आरक्षक नितिन, अनिल, रोहित व प्रदीप कहार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी, ताकि आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे।








