बेंगलुरु में मिले मानव कंकाल से सनसनी, पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी और भारत की सिलिकॉन वैली के नाम से मशहूर बेंगलुरु की एक हाउसिंग सोसाइटी में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले की जानकारी मिलते ही हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने मानव खोपड़ी और कंकाल को जब्त कर छानबीन शुरू कर दी गई है। फिलहाल इसे फॉरेंसिक एनालिसिस के लिए भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु के मिको लेआउट स्थित बेगूर के एक अपार्टमेंट परिसर क्रेडेंस फ्लोरा में रह रहे निवासियों को उस समय गहरा झटका लगा जब सफाई के दौरान परकोलेशन पिट (आमतौर पर बारिश का पानी इकट्ठा करने के लिए बनाया गया गड्ढा) से मानव खोपड़ी और हड्डियां बरामद हुईं। यह सनसनीखेज घटना 16 जून को उस समय सामने आई जब रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सफाई का कार्य चलाया जा रहा था। इस मामले की शिकायत अध्यक्ष स्कारिया जॉन ने दर्ज कराई, जिसके आधार पर बेगूर पुलिस ने अननैचुरल डेथ का मामला दर्ज किया है। बरामद खोपड़ी और हड्डियों को आगे की जांच के लिए फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को एक्सपर्ट की रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मृतक की उम्र और मौत के समय से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है। स्कारिया जॉन ने अपनी शिकायत में बताया कि अपार्टमेंट परिसर में मौजूद 16 परकोलेशन पिट्स काफी समय से काम नहीं कर रहे थे, जिसके चलते नगर निकाय की ओर से नोटिस भी जारी हुए थे। इसी कारण पिट्स की सफाई के लिए एक ठेका दिया था। सफाईकर्मियों ने जब एक पिट को साफ करना शुरू किया, तो उसमें से उन्हें मानव अवशेष दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत अध्यक्ष को सूचित किया गया, जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला कई साल पुराना लग रहा है। एक अधिकारी ने कहा कि खोपड़ी की स्थिति और उसके मिलने के ढंग को देखते हुए लगता है कि यह घटना कई साल पुरानी है। यह हैरानी की बात है कि इतने सालों में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। फिलहाल, पुलिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के अन्य हिस्सों की भी तलाशी लेने की योजना बना रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि और कोई अवशेष या सबूत वहां मौजूद तो नहीं हैं।