जबलपुर। बादल आते हैं, मंडराते हैं, छुटपुट बरस कर चले जाते हैं। मानसून का आगमन हो चुका है, लेकिन झमाझम बारिश के लिये अभी इंतजार करना होगा. छुटपुट वर्षा के बाद तापमान में जरूर गिरावट आई है, लेकिन उमस भरी गर्मी अभी बनी हुई है. गुरुवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे बीच बीच में हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आ तो गया है पर अभी सक्रिय नहीं हुआ है। मानसून को सक्रिय होने में अभी वक्त लगेगा, फिलहाल छुटपुट वर्षा के ही आसार हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि मानसून मध्यप्रदेश में प्रवेश कर चुका है। लेकिन उसकी सक्रियता अभी दक्षिणी और पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर है। भोपाल और विदिशा के ऊपर बने हवा के कम दबाव के क्षेत्र से आसमान पर बादलों की आमद हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 32.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री कम रिकार्ड दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य से १ डिग्री कम रिकार्ड किया गया। हवा में नमी प्रातकाल 90 प्रतिशत और सायंकाल 72 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले २४ घंटों के दौरान 6.4 मिमी वर्षा के बाद १ जून से अब तक कुल वर्षा का आंकड़ा 16.0 मिमी दर्ज किया जा चुका है। दक्षिणी पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर की रफतार से चली। सूर्योदय सुबह 5.25 बजे और सूर्यास्त शाम 6.59 बजे हुआ। गत वर्ष आज के दिन वर्षा नहीं हुई थी। जबकि कुल वर्षा 9.6 मिमी दर्ज की गई थी। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया था। अगले 24 घण्टे के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ सकती हैं।