शहादत को नमन करने अगले साल से होगी रानी दुर्गावती हाफ मैराथन दौड़ – मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
महापौर के नेतृत्व में वीरांगना की स्मृति सहेजने के प्रयास सराहनीय, मुख्यमंत्री कोष से दिए 5 लाख रुपये
जबलपुर। सन 1971 में गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती की वीर गाथा और शहादत को नमन करते हुए उनकी वीरता और उनकी शौर्य कहानी को इतिहास में गुमनाम होने से बचने के लिए मित्र संघ संस्था के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार श्री अजित वर्मा ने सबसे पहले वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस 24 जून 1971 को उनके बलिदान स्थल नर्रेई नाले के पास उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि का कार्यक्रम प्रारंभ किया था। कुछ समय पश्चात रानी दुर्गावती रक्षा अभियान समिति का गठन किया गया जिसमें मित्र संघ मिलन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम को करना प्रारंभ किया।
वीरांगना रानी दुर्गावती की वीरता को नमन करने के लिए श्री अजित वर्मा के प्रयासों से शहादत के सम्मान स्वरूप वहां पर पुलिस बैंड दल द्वारा सलामी देकर और पुलिस दल द्वारा सलामी फायर पेश कर रानी को नमन किया जाता है।
आने वाली पीढ़ियों को भी वीरांगना दुर्गावती के बारे में जानकारी मिले इसी उद्देश्य से मित्र संघ ने नगर निगम के साथ मिलकर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन प्रारंभ करवाया। छोटे से स्वरूप से मिनी मैराथन बनी यह 19 किलोमीटर की दौड़ 24 जून को प्रतिवर्ष रानी दुर्गावती के बलिदान का स्मरण करने और उनके वीरता को याद कराने के उद्देश्य से होती आ रही है। इसमें निरंतर कॉरपोरेशन एथलेटिक संघ का सहयोग भी बना हुआ है।
विगत 55 वर्ष पूर्व श्री अजित वर्मा द्वारा शुरू किए गए वीरांगना की स्मृति संयोजन के अभियान को आज एक बड़ा मुकाम मिला है। जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अगले साल से राष्ट्रीय स्तर की रानी दुर्गावती हाफ मैराथन दौड़ आयोजित करने की घोषणा की।








