भाई सोहेल के तलाक पर बोले सलमान- अब वो भी भाग गई है
द ग्रेट इंडियन कपिल शो में कपिल शर्मा ने सलमान खान से उनकी शादी को लेकर चुटकी ली, वहीं फैंस की पजेसिवनेस पर भी मजेदार सवाल किए। इस दौरान उन्होंने अपने भाई सोहेल खान की शादी और तलाक का किस्सा भी मजेदार ढंग से सुनाया, जिसे सुनकर दर्शकों की हंसी नहीं रुकी। सलमान खान ने बताया कि उनके घर के दरवाजे हर किसी के लिए खुले हैं। कोई भी आ सकता है, रह सकता है या पार्टी कर सकता है। उन्होंने एक किस्सा सुनाया जिसमें उनके करीबी दोस्त और फोटोग्राफर अविनाश गोवारिकर अपना अपार्टमेंट किराए पर देने के चलते सलमान के घर रहने आ गए थे। यह ठहराव दो-ढाई महीने का था, लेकिन बात दो साल तक खिंच गई और उन्होंने घर खाली करने का नाम ही नहीं लिया। फिर सलमान ने बताया कि जब उनके भाई सोहेल खान ने शादी की, तो उन्हें मजबूरी में अविनाश से कमरा खाली करने को कहना पड़ा। इससे अविनाश इतने नाराज़ हो गए कि उन्होंने सोहेल से सवाल कर दिया कि बिना उन्हें बताए शादी कैसे कर ली और अब वह कहां जाएंगे। इस किस्से के बहाने सलमान ने मजाक में कहा कि “उसी दौरान सोहेल ने भागकर शादी कर ली… अब वो भी भाग गई हैं।” इस मजाकिया टिप्पणी पर सेट पर मौजूद सभी लोग ठहाके मारकर हंसने लगे। गौरतलब है कि सोहेल खान और फैशन डिज़ाइनर सीमा सजदेह ने पहले आर्य समाज रीति-रिवाजों से शादी की थी और बाद में 1998 में मुस्लिम तरीके से निकाह किया। दोनों के दो बेटे हैं — निर्वाण और योहान। हालांकि 24 साल साथ रहने के बाद 2022 में दोनों ने तलाक ले लिया। सलमान खान ने पूरे किस्से को बेहद मजेदार तरीके से सुनाया, जिससे शो की शुरुआत धमाकेदार हो गई। बता दें कि कॉमेडियन कपिल शर्मा का शो ‘द ग्रेट इंडियन कपल शो’ अपने तीसरे सीजन के साथ लौटा है और इसका पहला एपिसोड काफी चर्चा में रहा।