newslifeindia

रात में ढाई इंच बारिश से शहर में जलप्लावन, अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना

जबलपुर। शुक्रवार की देर रात शहर में हुई तेज बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। करीब 5 घंटे में ढाई इंच बारिश से शहर में जलप्लावन की स्थिति बन गई। दिनभर से मौसम खुला रहा| रात को बिना गरज चमक के तेज बारिश शुरु हो गई जो देर रात तक जारी रही| इसके बाद शनिवार को मौसम खुला रहा और बादल छाए रहे| रात में फिर बारिश के आसार बनने लगे थे| रात 10 बजे से शुरू हुई बारिश देर रात करीब 3 बजे तक जारी रही| इस दौरान करीब ढाई इंच से अधिक वर्षा दर्ज हुई। शहर के निचले इलाके जलमग्न हो गये। सुबह के वक्त स्कूल आने जाने वाले बच्चों को खासी परेशानी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
शुक्रवार की रात हुई बारिश से कही जगह जलप्लावन के हालात बने| लोगों के घरों में पानी घुस गया| शहर के गोलबाजार, अग्रवाल कालोनी, दीक्षितपुरा, चेरीताल, दमोहनाका, झाडू मोहल्ला, उपरैनगंज, आमनपुर, गंगानगर, चंदनकालोनी, सिविक सेंटर, मुकादमगंज, प्रिंस स्ट्रीट नरघैया सहित कई निचले हिस्से जलमग्न हो गए| लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया था|
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठे मानसूनी बादल राजस्थान होते हुये छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में सक्रिय हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री कम रिकार्ड किया गया। हवा में नमी प्रातकाल 95 प्रतिशत और सायंकाल 73 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान 67.6 मिमी (ढाई इंच) वर्षा के बाद 1 जून से आज तक कुल वर्षा का आंकड़ा 208.07 मिमी (लगभग 8 इंच) दर्ज किया जा चुका है। दक्षिणी पश्चिमी हवाएं 4 से 8 किलोमीटर की रफ्तार से चली। सूर्योदय सुबह 5.28 बजे और सूर्यास्त शाम 7.00 बजे हुआ। गत वर्ष आज के दिन वर्षा 29.08 मिमी हुई थी। जबकि कुल वर्षा 89.4 मिमी दर्ज की गई थी। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री दर्ज किया गया था। अगले 24 घण्टे के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ सकती हैं।
Deepu Choubey

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In IndiaDigital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल