newslifeindia

JABALPUR: वेतन न मिलने से एल्गिन अस्पताल के सफाईकर्मी हड़ताल पर

गर्भवती महिलाओं को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
जबलपुर। जिले की प्रमुख सरकारी रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन हॉस्पिटल) के सफाईकर्मियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल शुरू कर दी है। जिसका असर अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर देखा जा रहा है| आरोप है कि ठेकेदार द्वारा बार-बार भुगतान टालने से नाराज सफाईकर्मी अब अस्पताल परिसर में विरोध कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। कई कर्मचारी 2 से 6 महीने से वेतन का इंतजार कर रहे हैं। एक कर्मचारी ने बताया, हमारा घर चलाना मुश्किल हो गया है, बच्चों की पढ़ाई रुक गई है और मकान मालिक किराया मांग रहा है। साथ ही, कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि उनके प्रोविडेंट फंड की राशि भी काटी जा रही है लेकिन जमा नहीं की जा रही। कर्मचारियों ने ठेकेदार पर जानबूझकर भुगतान में देरी और श्रमिकों के हक़ को दबाने का आरोप लगाया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन से फंड मिलने में देरी हो रही है, जिससे ठेकेदार को भुगतान नहीं हो पाया।
गर्भवती महिलाओं को रेफर किया गया 
हड़ताल के कारण अस्पताल की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है जिससे साफ-सफाई और संक्रमण नियंत्रण पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि गर्भवती महिलाओं को अस्पताल द्वारा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है क्योंकि प्रसूति विभाग में सफाई न होने के कारण इलाज संभव नहीं हो पा रहा है। हड़ताल के कारण अस्पताल की स्वच्छता पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही, प्रसूति विभाग की सेवाएं ठप होने से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
प्रशासन भी मान रहा लापरवाही 
अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. नीता पाराशर ने बताया तीन महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला, इसलिए वे काम पर नहीं आए। मैंने कई बार सीएमएचओ कार्यालय को पत्र भेजा है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह बंद रही। ओटी भी नहीं खोली गई। संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रसूताओं को मेडिकल भेजा गया है। सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा ने भी ठेकेदार की लापरवाही की बात दोहराते हुये कहा, ठेकेदार ने एक महीने का वेतन देने की बात कही थी लेकिन वह भी नहीं दिया। अब फोन भी बंद कर लिया है। हमने उसे नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Deepu Choubey

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल