newslifeindia

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गर्लफ्रेंड को होटल रूम में ले जाने से मचा था हंगामा

शिखर धवन की आत्मकथा में खुलासा
नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अपने बेफिक्र और मस्तमौला अंदाज के लिए जाने जाते हैं। चाहे क्रिकेट का मैदान हो या निजी जिंदगी का, धवन हमेशा खुलकर जीने में यकीन रखते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी आत्मकथा में अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक दिलचस्प और काफी निजी किस्सा साझा किया है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। धवन ने खुलासा किया कि 2006 में भारत ए टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को चुपके से होटल के कमरे में ले गए थे, जो वह अपने साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा के साथ शेयर कर रहे थे।
धवन ने अपनी इस किताब में लिखा कि उस लड़की से मिलते ही वह प्यार में पड़ गए थे। उन्होंने बताया, “वह बहुत खूबसूरत थी और अचानक मुझे फिर से प्यार हो गया। मैंने सोचा कि यही लड़की मेरे लिए सही है और मैं इससे शादी करूंगा।” दौरे की शुरुआत में धवन का प्रदर्शन अच्छा रहा। अभ्यास मैच में उन्होंने अर्धशतक लगाया और सब ठीक चल रहा था। लेकिन धीरे-धीरे वह अपनी गर्लफ्रेंड, जिसे उन्होंने किताब में ‘एलेन’ नाम दिया है, के साथ ज्यादा समय बिताने लगे। इससे उनका ध्यान भटक गया।
उन्होंने आगे लिखा कि हर मैच के बाद वह एलेन से मिलने चले जाते और जल्द ही उन्होंने उसे होटल के कमरे में बुलाना शुरू कर दिया। यह कमरा वह रोहित शर्मा के साथ शेयर कर रहे थे। धवन ने लिखा, “कभी-कभी रोहित मुझसे हिंदी में शिकायत करता था – क्या तुम मुझे सोने दोगे?” धवन ने यह भी माना कि यह सब धीरे-धीरे पूरी टीम में चर्चा का विषय बन गया। एक सीनियर चयनकर्ता ने उन्हें और एलेन को होटल की लॉबी में हाथ पकड़े चलते हुए देख लिया।
धवन ने बताया, “हम दोनों हाथ में हाथ डाले लॉबी में चल रहे थे। मुझे यह भी नहीं लगा कि हाथ छोड़ दूं क्योंकि मुझे नहीं लगता था कि हम कुछ गलत कर रहे थे। लेकिन उस एक मुलाकात की खबर पूरी टीम में जंगल की आग की तरह फैल गई।” धवन ने यह भी माना कि अगर वह उस दौरे पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करते, तो शायद सीनियर भारतीय टीम में उनकी एंट्री हो जाती, लेकिन गर्लफ्रेंड के साथ वक्त बिताने और फोकस खोने के कारण उनका खेल बिगड़ गया। इस ईमानदार कबूलनामे से उन्होंने अपनी युवा अवस्था की गलतियों को भी स्वीकार किया है और यह किस्सा उनके करियर के एक अलग ही पहलू को उजागर करता है।
Deepu Choubey

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In IndiaDigital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल