भोपाल। राजधानी में उत्पाती युवकों ने एक बार फिर से रात के समय गाड़ियों को निशना बनाया है। बदमाशों ने 12 नंबर स्थित मल्टी में वाहनों में आग लगा दी। माना जा रहा है कि रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद प्रकरण तो दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 नंबर मल्टी में रात करीब 12.45 बजे आधा दर्जन से ज्यादा युवक अलग-अलग गाड़ियों से आए। यहां आने के बाद उन्होंने घरों के बाहर और पार्किंग में खड़े वाहनों में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख मोहल्ले वालों की नींद खुल गई और उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर अमला और स्थानीय लोगों ने गाड़ियों में लगी आग को बुझाया। बताया जाता है कि मोहल्ले में कुछ घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिसमें वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कैद हो गए हैं। चूंकि अभी तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है, इसलिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेजों को नहीं देखा है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है और मामले में एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। आगजनी में गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गौरतलब है कि हबीबगंज और कमलानगर इलाके में रात के समय वाहनों में आग लगाने की घटनाएं लंबे समय से हो रही हैं। अधिकांश मामलों में पुलिस आरोपियों तक पहुंच ही नहीं पाती। कई घटनाओं के पीछे रंजिश की बात सामने आती रही है तो वहीं बगैर किसी कारण उत्पाती युवक वाहनों में आग लगा देते हैं।
पहले स्कूटर को टक्कर मारी फिर मारपीट भी की
ऐशबाग इलाके में बुधवार की शाम स्कूटर सवार दो युवकों ने स्कूली छात्र की स्कूटर को टक्कर मार दी। छात्र ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान बेल्ट और हाथ में पहने कड़े से छात्र पर हमला किया गया। पुलिस ने छात्र की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ एक्सीडेंट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में रहने वाला 17 वर्षीय किशोर स्कूली छात्र है। बुधवार की शाम करीब चार बजे वह अपने दोस्त की स्कूटर पर बैठकर एमपी नगर कोचिंग पढ़ने जा रहा था। शाम करीब चार बजे दोनों जैसे ही सुभाष नगर खेल मैदान के पास पहुंचे, वैसे ही स्कूटर सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटर में टक्कर मार दी। छात्र ने उनसे टक्कर मारने का कारण पूछा तो दोनों ने गाड़ी अड़ाकर रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक युवक ने डिग्गी में रखा बेल्ट निकाला और छात्र को पीटना शुरू कर दिया। दोस्त ने अपना स्कूटर खड़ा कर उसे बचाने पहुंचा तब तक दूसरे युवक ने हाथ में पहने हुए कड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। दोनों लड़कों ने जब मदद से लिए शोर मचाना शुरू किया तो स्कूटर सवार युवक धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।