PHOTOS: उत्तर कोरिया में तेजी से क्यों बढ़ीं आत्महत्याएं? तानाशाह किम जोंग भी परेशान, दिया ये आदेश
उत्तर कोरिया में आत्महत्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. उत्तर कोरिया में आत्महत्याओं की सही संख्या का पता लगाना मुश्किल है क्योंकि देश की तानाशाही सरकार इन आंकड़ों को बाहर नहीं आने दे रही है.
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अधिकारियों को आत्महत्या को रोकने की कोशिश करने का आदेश जारी किया है. अगर इसके बाद भी यह नहीं रुकता है तो अधिकारियों पर कार्रवाई होगी. माना जा रहा है कि पिछले वर्ष की तुलना में आत्महत्याओं में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
रियांगगैंग प्रांत के एक अधिकारी ने बताया कि लोग भुखमरी से परेशान होकर आत्महत्या कर रहे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर आत्महत्याएं गरीबी और भुखमरी की वजह से ही हुई हैं.
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश में बढ़ती आत्महत्याओं को ‘समाजवाद के खिलाफ देशद्रोह का कार्य’ बताया है. अधिकारियों के मुताबिक केवल एक-दो लोग ही नहीं बल्कि कई जगह पूरा परिवार ही आत्महत्या कर रहा है.
उत्तरी हामग्योंग के पूर्वोत्तर प्रांत के एक अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक प्रांत में आपातकालीन बैठक बुलाई गई थी. इस दौरान आत्महत्या की रोकथाम के लिए आदेश दिया गया था.