ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत की टिप्पणी से बौखलाए मुनीर
जनरल मुनीर की ये सफाई भारत के उस बयान के बाद आई है जिसमें भारतीय सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर सिंह ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान को हर तरह से समर्थन दिया। भारत ने यह भी कहा था कि तुर्किये ने भी पाकिस्तान को सैन्य साजो-सामान मुहैया कराया।
पाकिस्तान की अपनी ताकत है: मुनीर का दावा
मुनीर ने दावा किया कि पाकिस्तान की कामयाबी उसकी अपनी क्षमता और मजबूत संस्थागत ढांचे की वजह से है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सैन्य ताकत किसी पर निर्भर नहीं है और भारत को यह बात स्वीकार करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने भारत पर ‘कैम्प पॉलिटिक्स’ यानी गुटबाजी करने का आरोप भी लगाया।
मुनीर ने साफ चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान की सीमाओं, आबादी या आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाया गया तो तुरंत और करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युद्ध सिर्फ मीडिया में बयानबाजी और दिखावटी हथियारों से नहीं, बल्कि भरोसे, पेशेवर क्षमता और राष्ट्रीय जज्बे से जीते जाते हैं।
भारत का जवाब- पाकिस्तान ने खुद ही युद्ध रोकने की गुहार लगाई थी
भारत ने मई में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इस दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में आतंकी ठिकानों पर हमले किए गए। चार दिन तक दोनों देशों के बीच तनाव रहा, लेकिन आखिर में पाकिस्तान ने खुद ही सीजफायर की गुहार लगाई थी। अब पाकिस्तान की ओर से अलग-अलग मंचों पर सफाई देने की कोशिश की जा रही है।








