बारिश के दौरान टूटे फूटे शेड में अंतिम संस्कार करने लोग मजबूर
जबलपुर। गौरीघाट मुक्तिधाम बदहाली से जूझ रहा है| यहां मरने के बाद भी मुर्दों को सुकून नहीं मिल रहा हैं वहीं अंतिम यात्रा में जाने वालें गमगीन भी परेशान हो रहे है| बारिश में टूटे फूटे टीन शेड अंतिम संस्कार में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर शव यात्रा में जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है| लोगों को भीगते पानी में अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है| गत दिवस अंतिम संस्कार में गए युवक आशीष मिश्रा ने मुक्तिधाम की बदहाली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया| इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बारिश के दौरान लोग जलती चिताओं के पास खुले आसमान के नीचे खड़े हैं। कोई छाता लेकर भीग रहा है, तो कोई टपकते टीन शेड से बचने की कोशिश करता नजर आ रहा है। वीडियो में जर्जर शेड, फर्श पर जमा पानी और हर ओर अव्यवस्था साफ नजर आ रही है।
बारिश में बह जाती है राख………….
आशीष मिश्रा का आरोप है कि यहां बदहाली का आलम यह है कि तेज बारिश में जलती चिताओं के अवशेष और राख भी बह जाते है| लकड़िया भीग जाती है जिससे अंतिम संस्कार में भी परेशानी आती है| मुक्तिधाम में चारों तरफ हालात बेहद खराब हैं| गंदगी और अव्यवस्थाएं लोगों की परेशानी का सबब बन गई|








