बंगाल की खाड़ी से आए बादल छाए
जबलपुर। बंगाल की खाड़ी से आए बादल मध्यप्रदेश में छाए हुए हैं। वहीं झारखण्ड और छत्तीसगढ़ के ऊपर चक्रवात बना हुआ है, जिसके प्रभाव से बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान भी सावन की रिमझिम वर्षा का दौर जारी रहेगा। जगह-जगह सड़कों में पानी भर गया है। कालोनियों में गंदगी पैर पसारे फैली है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आये मानसूनी बादल पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर घने छाये हुये हैं। वहीं छत्तीसगढ़ और झारखण्ड के ऊपर चक्रवात बना हुआ है। शुक्रवार की दोपहर बाद रिमझिम बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा जिससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग का कहना है कि झारखण्ड के ऊपर बने चक्रवात के प्रभाव से पूरे मध्यप्रदेश में मानसूनी बादल सक्रिय हैं। हवा में नमी बढ़ जाने से बारिश की गुंजाइश भी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 4 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रात:काल 93 प्रतिशत और सायंकाल भी 86 प्रतिशत आंकी गई। पिछले 24 घंटों के दौरान 41.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 1 जून से अब तक कुल वर्षा 504.8 मिमी (19.7 इंच) आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5.33 मिनिट पर और सूर्यास्त सायं 7 बजे हुआ। गत वर्ष आज के दिन वर्षा नहीं हुई थी और कुल वर्षा 238.9 मिमी दर्ज की जा चुकी थी। दक्षिणी पश्चिमी हवायें 6 से 7 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ने की संभावना है।