आज खत्म हो रही आरोपियों की रिमांड, पुलिस राज उगलवाने में लगी जबलपुर। गत दिवस गिरफ्तार किये गये अब्दुल रज्जाक उर्फ पहलवान परिवार के चार सदस्यों की रिमांड आज खत्म हो रही है. पुलिस आज चारों आरोपियों को न्यायलय में पेश करेगी. सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने रिमांड के दौरान सरफराज और अन्य की फरारी में मदद करने वालों की सूची के साथ साथ फरार सरताज की जानकारी जुटाई है. वहीं गैंग में सक्रिय सदस्यों की कुंडली भी पुलिस के हाथ लगी है. गौरतलब है जबलपुर पुलिस ने सिवनी पुलिस की मदद से पेंच के एक रिजार्ट से पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर रज्जाक पहलवान के बेटे मोहम्मद सरफराज, भाई मोहम्मद मेहमूद और भतीजे अजहर और सज्जाद को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद पुलिस ने इन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया था. बताया जाता है की चारों पर संगीन धाराओं में अलग अलग थानों में गंभीर अपराध दर्ज हैं, सभी लम्बे समय से फरार थे, जिनपर 50 हजार से अधिक का इनाम घोषित था. सरफराज के मददगार निशाने में… रिमांड के दौरान पुलिस ने सरफराज और गैंग के अन्य फरार लोगों की मदद करने वालों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया है. सूत्रों के मुताबिक नरसिंह, करेली, मंडला और कटनी के कई मददगारों की सूची पुलिस ने तैयार की है, जिनपर आने वाले दिनों में कार्यवाही देखने को मिल सकती है. सरताज की मिली लोकेशन… रिमांड के दौरान पुलिस का मुख्य फोकस सरताज की लोकेशन पर रहा. बताया जाता है की रिमांड पर आरोपियों ने कबूल किया है की सरताज तुर्की में है. सूत्रों के मुताबिक पुलिस इससे अधिक जानकारी सरताज के बारे में नहीं जुटा सकी है. कैसे और कौन चला रहा गैंग … रिमांड के दौरान चारों आरोपियों से रज्जाक गैंग के वैध अवैध धंधों के संचलन के संबंध में जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई है. जब रज्जाक जेल में है, सरताज विदेश में और अन्य प्रमुख फरार तब यह सम्राज्य कैसे और कौन चला रहा था, पुलिस इसकी पड़ताल में जुटी है. स्कूल की रद्द हो सकती है मान्यता… सुप्रा डायग्नोस के बाद पुलिस के निशाने पर अब रज्जाक परिवार द्वारा संचालित लिटिल चैम्प स्कूल को निशाने पर लिया गया है. बताया जा रहा है की घर पर छापे के दौरान स्कूल से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस ने जप्त किये हैं. कहा जा रहा है स्कूल की मान्यता पहले ही रद्द हो चुकी है. अब प्रशासन स्कूल पर पूरी तरह ताला जड़ सकता है.