newslifeindia

जबलपुर जिले की 8 में से 7 सीटों पर भाजपा का कब्जा

  • लाडली लहर में ताश के पत्तों के महल की तरह ढह गई कांग्रेस।
  • एक पर सिमटी कांग्रेस।

जबलपुर। रविवार को मतगणना के बाद जिले की सियासी तस्वीर साफ हो गई। जबलपुर जिले की आठ विधानसभा सीटों में सात विधानसभा सीटों पर सत्तारुढ दल भाजपा ने धमाकेदार जीत दर्ज की। लाडली बहना लहर में कांग्रेस ताश के पत्तों के महल की तरह ढह गई। उसे महज १ सीट पर जीतकर संतोष करना पड़ा। जिले में सबसे बड़ी जीत सिहोरा मे दर्ज की गई। यहां भाजपा प्रत्याशी ४२७७२ से अधिक मतों से विजयी हुये। दूसरे नम्बर पर पनागर के सुशील तिवारी इंदू रहे, जिन्होंने ४० हजार ८ सौ १ मतों से जीत दर्ज की। तीसरे नम्बर पर बरगी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी नीजर सिंह लोधी रहे, जिन्होंने ३९९५७ मतों से जीत दर्ज की। रविवार देर शाम तक चली मतगणना के बाद जिले की सियासी तस्वीर साफ हो गई। प्रदेश में १६६ सीटों के साथ भाजपा की सरकार की तस्वीर भी साफ हो गई थी। जिले में भाजपा ने आठ में से ७ सीटों पर कब्जा किया। लाड़ली बहना योजना फेक्टर प्रभावी होने के बाद भाजपा ने जिले में ७ सीटों पर शानदार जीत दर्ज की। सुबह ७ बजे से शुरू हुई मतगणना को लेकर पूरे जिले में उत्साह रहा। लोग टेलीविजन पर आ रहे रुझान देखते रहे। वहीं कुछ लोग सोशल मीडिया पर जीत और हार की जानकारी जुटाते रहे। सबसे पहले सिहोरा सीट पर हुई मतगणना की घोषणा हुई। यहां पर भाजपा प्रत्याशी संतोष बरकड़े ने कांग्रेस की एकता ठाकुर को करारी शिकस्त दी। संतोष ने एकता ठाकुर को ४२ हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया। इसके बाद लगातार रिजल्ट आते रहे। शाम होते होते सभी सीटों की स्थिति साफ हो गई। पूर्व को छोड़ दें तो अकेले उत्तर मध्य विधानसभा सीट ऐसे थी जहां कांग्रेस प्रत्याशी ने एक बार बढ़ बनाई। उसके बाद वो भी जो पिछडे तो पिछड़ते चले गये।

मॉय नेम इज लखन ……….
विधानसभा चुनाव २०२३ में पूर्व सीट पर कांटे की टक्कर मानी जा रही थी, लेकिन इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी लखन घनघोरिया ने एक तरफा जीत दर्ज की, उन्होंने भाजपा के अंचल सोनकर को २७ हजार ७७१ वोट से हाराया। इसके बाद पूर्व क्षेत्र में पटाखे फूटने लगे थे। चारों ओर मॉय नेम इज लखन.. गाना बजने लगा था।

हॉट सीट पश्चिम रही चर्चाओं में ………
जबलपुर की सबसे हॉट सीट मानी जा रही पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह ने धमाकेदार जीत दर्ज की। यहां उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर प्रत्याशी पूर्व वित्त मंत्री सिटिंग विधायक तरुण भनोत को करीब ३०१३४ वोट से करारी शिकस्त दी। यह सीट सर्वाधिक चर्चाओं में रही आखरी दौर में भाजपा ने यहां जिस तरीके से ताकत झोंकी, उसका फायदा उसे मिला और राकेश सिंह की चुनावी रणनीति कामयाब हो गई। इस सीट को लेकर लोग ज्यादा उत्सुक दिखे यहां कांटे का मुकाबला बताया जा रहा था, लेकिन चुनाव एकतरफा भाजपा के पक्ष में चला गया। चुनाव जीतने के बाद कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे और निवार्चन प्रमाण पत्र लेकर राकेश सिंह सीधे नर्मदा तट पर पहुंचे यहां उन्होंने सीधे नर्मदा पूजन किया।

उत्तर में कांग्रेस निरुत्तर……..
कांग्रेस के लिये सबसे चौकाने वाले परिणाम उत्तर मध्य विधानसभा में आए, यहां पश्चिम से अचानक आए भाजपा प्रत्याशी अभिलाष पाण्डे ने उन्हें २२६५५ मतों से हराया। यहां लगातार कहा जा रहा था कि भाजपा भीतरघात का शिकार है। लेकिन भाजपा ने सारी संभावनाओं को खत्म कर अपने पुरानी गढ़ को वापस हासिल किया है।

मची रही हलचल ……….
सुबह से ही रुझान आने के बाद प्रदेश की सियासी तस्वीर को लेकर अटकलें लगती रहीं। लेकिन रविवार सुबह जैसे ही मतगणना शुरु हुई तब से भाजपा ने जो बढ़त बनाई फिर उसने पीछे मुड़कर नहीं देख। पूर्व को छोड़कर हर सीट पर भाजपा हावी और आगे रही। परिणाम घोषित होने के बाद विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों ने आतिशबाजी की और बम फोड़े। शाम से ही जीत का सिलसिला शुरू हो गया। ढोल नगड़ो के बीच कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया।

पाटन से विश्नोई जीते ……….
जिले की पाटन विधानसभा सीट पर सभी दिग्गजों की नजरें रहीं। यहां से भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व वैâबिनेट मंत्री अजय विश्नोई मैदान में थे। विश्नोई ने सुबह से इस सीट पर बढ़त बना ली थी। जिसके बाद से यह बढ़त लगातार बढ़ती गई। विश्नोई ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी नीलेश अवस्थी को करीब ३०२५५ मतों से पराजित किया।

बरगी सीट में नीरज……….
बरगी सीट पर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिंह लोधी ने कांग्रेस के संजय यादव को ३९९५७ हजार से अधिक मतों से हराया। नीरज ने शुरआत से ही बढ़त बनाई जो अंत तक जार रही। संजय किसी राउंड में भी नीरज पर बढ़त नहीं बना पाए।

केंट में जश्न ……….
केंट में भाजपा प्रत्याशी अशोक रोहाणी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुये अपना कब्जा बरकार रखा। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के अभिषेक चौकसे चिंटू को ३० हजार ४५ मतों के अंतर से हराया। केंट को लेकर बीजेपी पहले से आश्वस्त थी। शुरू से ही रोहाणी ने बढ़त बना ली थी, जिसे अंत तक बरकरार रखा। जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी करके जश्न मनाया।

पनागर में इंदु जीते ………
भाजपा ने पनागर विधानसभा सीट पर एक बार फिर कब्जा जमा लिया। यहां भाजपा के सुशील तिवारी इंदु ने जीत दर्ज की। यहां भाजपा प्रत्याशी इंदु तिवारी ने कांग्रेस के राजेश पटेल को ४०५४१मतों से हराया। पनागर सीट में भी भाजपा शुरुआती दौर से बढ़त बना चुकी थी। जो आखरी राउंड तक लगातार बढ़ती गई।
पाटन
पड़े वोट- १,८५,५८०
भाजपा- ११३२२३
कांग्रेस- ८२९६८
जीत का अंतर- ३०२५५

बरगी
पड़े वोट- १९७८०३
भाजपा- १०९५०६
कांग्रेस- ६९५४९
जीत का अंतर- ३९९५७

सिहोरा
पड़े वोट-१८१५२३
भाजपा- १०१७७७
कांग्रेस- ५९००५
जीत का अंतर- ४२७७२

पनागर
पड़े वोट- २०७७०७
भाजपा- ११९०७१
कांग्रेस- ७८५३०
जीत का अंतर- ४०५४१

पूर्व
पड़े वोट- १७२८६६
भाजपा- ६७९३२
कांग्रेस- ९५६७३
जीत का अंतर- २७७४१

उत्तर
पड़े वोट- १५७६३७
भाजपा- ८८४१९
कांग्रेस- ६५७६४
जीत का अंतर- २२६५५

पश्चिम
पड़े वोट- १६६५०३
भाजपा- ९६२६८
कांग्रेस- ६६१३४
जीत का अंतर- ३०१३४

केन्ट
पड़े वोट- १२९१२७
भाजपा- ७६९६६
कांग्रेस- ४६९२१
जीत का अंतर- ३००४५

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In IndiaDigital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल