newslifeindia

मध्यप्रदेश में अब से मोहन ‘राज’,

जगदीश-राजेंद्र बनेंगे डिप्टी CM , 13-14 को होगी शपथ

भोपाल/न्यूज लाइफ। मध्यप्रदेश में नए मुख्यमंत्री का एलान हो चुका है। विधायक दल की बैठक में मोहन यादव को नेता चुना गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल को इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल ने यादव को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। 13 या 14 दिसंबर को नई सरकार शपथ ले लेगी।

मोहन यादव पहुंचे सीएम हाउस
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मोहन यादव ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों को एयरपोर्ट पहुंचकर विदा किया। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। वहां कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। इस बीच, राजभवन ने मोहन यादव को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। 13 या 14 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम तय होते ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। फिलहाल 13 दिसंबर को लाल परेड ग्राउंड पर शपथ ग्रहण समारोह होने की सूचना मिल रही है। समय बाद में तय होगा। उनके साथ कितने मंत्री शपथ लेंगे, यह भी एक-दो दिन में तय हो जाएगा।

कमलनाथ ने दी बधाई
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर मोहन यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता निर्वाचित होने पर श्री मोहन यादव को शुभकामनाएं। मैं आशा करता हूं कि वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में विधिपूर्वक और राग-द्वेष से रहित होकर शासन करेंगे।

मंदसौर में मना जश्न
भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मध्य प्रदेश में उज्जैन ग्रामीण विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन यादव को मुख्यमंत्री एंव मंदसौर जिले के वरिष्ठ विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश देवड़ा को उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने के निर्णय पर भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय के बाहर पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आतिशबाजी एवं मिठाई वितरण कर शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में भी कार्यकर्ताओ ने जमकर आतिशबाजी की। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। मंदसौर में देवड़ा समर्थकों ने महाराणा प्रताप चौराहे पर जमकर आतिशबाजी कर ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। जगदीश देवड़ा के नाम पर उप-मुख्यमंत्री की मुहर लगाते ही मंदसौर जिला मुख्यालय पर स्थित देवड़ा के निवास स्थान पर भी कई समर्थकों ने पहुंचकर अपनी खुशी का इजहार किया।

नई सरकार 14 को लेगी शपथ
मध्य प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। खबर आ रही है कि 14 दिसंबर को नई सरकार शपथ लेगी। मोहन यादव के साथ कुछ ही नेता फिलहाल शपथ लेंगे। उसके बाद मंत्रिमंडल को विस्तार दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा के साथ ही कुछ मंत्री शपथ ले सकते हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि केंद्रीय राजनीति से प्रदेश में लाए गए प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और शिवराज सिंंह चौहान की अगली सरकार में क्या भूमिका रहेगी? आने वाले दिनों में स्थिति साफ हो सकती है। पार्टी का पूरा फोकस अब राष्ट्रीय राजनीति यानी 2024 के लोकसभा चुनावों पर होगा और पार्टी का लक्ष्य राज्य की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल करने पर रहेगा। पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में छिंदवाड़ा छोड़कर राज्य की 29 में से 28 सीटों पर जीत हासिल की थी।

वरिष्ठ नेता भी थे साथ
भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता डॉ. मोहन यादव ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। पार्टी की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी पर्यवेक्षक व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ, के लक्ष्मण, पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक नरेन्द्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित थे।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल