कचहरी दरगाह में पेश की हाजरी
सदर गढ़ा रांझी मे भी निकली टिपरिया
जबलपुर। शहादत के पर्व मुहर्रम की 5 तारीख को शहर के विभिन्न स्थानों से रात्रि में इशा की नमाज के बाद फूलों से सजी हुई हिंदु मुस्लिम मुजावरो की टिपारिया अक़ीदत से निकाली गई। टिपारियों के जुलूस मे बाबा साहिबान पर हाल की आमद थी । अक़ीदतमंद अपने बच्चों को लेकर बाबा साहब के सामने हाजरी पेश कर दुआएं ले रहे थे। जुलूस मे शामिल अक़ीदतमंद या अली या हुसैन का नारा बुलंद कर रहे थे। ढोल,शहनाई, बैंड बाजों के साथ निकले टिपारियों के जुलूस विभिन्न मार्गो से गश्त उपरांत हाई कोर्ट के सामने स्तिथ हजरत ख़्वाजा अमीनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्ला अलैह कचहरी वाले बाबा साहब की दरगाह पहुंचे । जुलूस मार्गो मे टिपारियों के जुलूस जहाँ जहाँ से निकले वहां के निवासी अपने घरों से बाहर आकर बाबा साहिबान को अपने मन की मुरादें बता रहे थे। बाबा साहब मुराद पूरी होने की दुआ दे रहे थे। कचहरी दरगाह में रात्रि 9: 30 बजे अक़ीदतमंदो का जमावड़ा शुरु हो गया था। टिपारियों के जुलूस पहुंचने पर सज्जादानशीन बाबर खा बन्दानवाजी एवं ख़ादिम ए आला चंगेज खान अशरफी ने परंपरानुसार बाबा साहब लोगों का इस्तक़बाल किया। इस मौेके पर दरगाह शरीफ मे आकर्षक विधुत साज सज्जा की गई एवं लंगर तकसीम किया गया। बैंड बाजों पर बज रही मुहर्रम की धुनों पर अक़ीदमंदो ने नजराना पेश किया। अर्धरात्रि तक टिपारियों के जुलुस दरगाह मे हाजरी पेश करने पहुंचे।
सिटी कोतवाली – सिटी कोतवाली मौलाना की गली स्तिथ मरहूम शेख मुन्ना नियाज़ी व अब्दुल रऊफ बाबा के इमाम बाड़े मे भी मुहर्रम की 5 तारीख को हाजी शेख ज़मील नियाज़ी, हाजी शेख मुबीन नियाज़ी की सरपरस्ती मे मर्सिया ख्वानी का एहतेमाम किया गया। टीपारियों के जुलूस का भी इस्तक़बाल सिटी कोतवाली मे किया गया व लंगर तकसीम किया गया। शहनाई वादक मुहर्रम की धुन पेश कर रहे थे जिसमें अक़ीदतमंदो ने दिल खोलकर नजराना पेश किया। सिटी कोतवाली के सामने देर रात्रि तक टिपारियों के जुलूसों का आना जाना लगा रहा।
उपनगरीय क्षेत्र – छावनी क्षेत्र सदर मे रात्रि 9.30 बजे टिपारियों का जुलूस परंपरानुसार शानों शौकत से निकला। समाज सेवी अकबर खान सरवर, इनायत अली, नासिर बाबा, अशफ़ाक़ कुरैशी, एहतेशाम उस्मानी, सैय्यद मकसूद अली, मोहम्मद युसूफ ने जुलूस की कयादत की। सदर बाजार की गलियों मे गस्त उपरांत जुलूस कचहरी दरगाह पहुंचा और हाजरी पेश की। इसी प्रकार गढ़ा मे भी टिपारियों के जुलूस रात्रि 9. 30 बजे निकाले गये। मुस्लीम धर्मालम्बियों के साथ हिंदु धर्मालंबी भी जुलूस मे शामिल हुए। हाजी डा सैय्यद मकबूल अली कादरी बाबा के इमामबाड़े का जुलूस अपनी पूरी अक़ीदत के साथ निकला। मुतवल्ली सैयद कादिर अली कादरी, मुबारक कादरी, आफ़ताब कादरी, बासित कादरी,निजाम कादरी, असगर कादरी,इनायत कादरी, जवाहर कादरी ने जुलूस की कयादत की। गढ़ा की टिपारियों के जुलूसों ने विभिन्न मार्गो मे गशत करने के बाद गढ़ा बाजार स्तिथ हजरत सैय्यद बाबा की दरगाह मे हाजरी पेश की। दरगाह मे शरीफ बज्मे सुल्तानी के सूफ़ी निजाम बाबा, मुईन उस्मानी, शिबू बाबा, समीर बाबा, मौनू बाबा बाबा साहब लोगों का इस्तक़बाल किया गया और जुलूस मे शामिल लोगों को लंगर तकसीम किया गया। गढ़ा तकिया मे भी खलीफा मुमताज मंसूरी, गाजी नूर, नियाज़ मंसूरी द्वारा बाबा साहब का इस्तक़बाल किया गया।









