जस्टिस तन्खा मेमोरियल स्कूल के दिव्यांग छात्र तरुण कुमार ने स्पेशल ओलंपिक में भारत को गोल्ड मैडल दिलाया
जबलपुर (News Life)। जस्टिस तंखा मेमोरियल स्कूल के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण रहा। आज स्कूल में दसवीं क्लास में पढ़ने वाला छात्र तरुण कुमार जो स्पेशल ओलिंपिक प्रतियोगिता में भारतीय फुटबॉल टीम में चयनित होकर गोन्थिया कप खेलने स्वीडन गया था और वहां तरुण ने जीत का गोल अंतिम क्षणों में दागकर टीम इंडिया को 4-3 गोल से विजय दिलाकर तन्खा मेमोरियल स्कूल और जबलपुर का नाम विश्वपटल पर अंकित कर दिया। तरुण कुमार और उसके कोच प्रभात राही के आज सुबह नई दिल्ली से ट्रेन द्वारा जबलपुर आने पर रेलवे स्टेशन पर भावभीना स्वागत ढोल बजा कर और फूलों की मालाओं से किया गया। स्टेशन पर तरुण और प्रभात राही का स्वागत करने स्कूल महासचिव बलदीप मैनी, प्राचार्या कोयली सेन और सभी स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। स्टेशन से तरुण को स्कूल के बच्चों से मिलाने स्कूल लाया गया जहां स्कूल के बच्चों, बलदीप मैनी और स्कूल स्टाफ ने पुनः एक बार तरुण का स्वागत किया। बच्चों ने ढोल की थाप पर नृत्य कर तरुण और प्रभात का अभिनंदन किया। मध्यप्रदेश से पहली किसी दिव्यांग छात्र का भारतीय फ़ुटबाल टीम में चयन होने और फिर उसके द्वारा गोल्ड मैडल जीतने में अंतिम क्षणों में विजयी गोल कर जबलपुर और प्रदेश का नाम ऊंचा करने पर नगर में खुशी का माहौल है। संस्था संस्थापक विवेक तन्खा द्वारा तरुण और प्रभात राही को इस सफलता हेतु बधाइयां दीं। स्कूल में बच्चों द्वारा तरुण की सफलता पर पूरे दिन जश्न मनाया गया।








