मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश भर के पात्र किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। अन्नदाताओं को 5 रुपए में बिजली का कनेक्शन मिल रहा है। प्रदेश में 32 लाख किसानों के लिए सोलर पंप मात्र 10 प्रतिशत राशि पर मिलेगा। किसान अपने उपयोग के बाद सरकार को भी बिजली बेच सकेंगे। राज्य सरकार ने दुग्ध-उत्पादन बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की शुरुआत की है।
जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रदेश का प्रदर्शन श्रेष्ठ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि अभियान में खंडवा जिला देश भर में प्रथम आया है और प्रदेश को भी चौथा स्थान मिला है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां विरासिनी की पुण्य भूमि पाली स्थित सगरा तालाब में किए जा रहे जीर्णोध्दार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के किनारे आम का पौधा भी रोपा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य स्तरीय पेसा महासम्मेलन में विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं का हितलाभ हितग्राहियों को वितरित किया। इस अवसर पर शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, बांधवगढ विधायक श्री शिव नारायण सिंह, पूर्व सांसद श्री ज्ञान सिंह, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के नागरिक उपस्थित थे।








