newslifeindia

लिव-इन में रह रही महिला की निर्मम हत्या, देवर पर शक, जांच में जुटी पुलिस

छिंदवाड़ा। स्थानीय क्षेत्र बड़कुही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की निर्मम हत्या का मामला प्रकाश में आया है, जो अपने देवर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला का शव तीन दिन बाद घर के अंदर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बड़कुही के मुख्य मार्ग पर स्थित टेक इलाके की है। यहां रविवार शाम मृतका की ननद द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शाम पांच बजे परासिया मोक्षधाम में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतका की पहचान ममता कठौते (आदिवासी कोल जाति) के रूप में हुई है, जिनके पति का देहांत पहले ही हो चुका था। उनकी एक बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि बेटा नागपुर में कार्यरत है। ममता अपने देवर जुंगी और ननद के साथ रह रही थी। पुलिस जब घर पहुंची तो दृश्य बेहद खौफनाक था। ममता का शव पलंग पर पड़ा था। सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, गले में फंदा था और शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई थीं। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टर तैय्यबा ने किया।

परिजनों का आरोप

मृतका के भाई संजय कठौते, जो छिंदा में रहते हैं, उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस से उन्हें बहन की मौत की खबर मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बहन की बेरहमी से हत्या की गई थी। उन्होंने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

देवर पर शक, फरार

घटना के लिए मृतका के देवर जुंगी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है। सूत्रों के अनुसार, उसने घटना से पहले छिंदवाड़ा में रह रही अपनी बहन को फोन कर बताया था कि ममता अकड़ गई है। इसी सूचना के आधार पर मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। देवर की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही इस क्रूर हत्या की असली वजह सामने आ पाएगी।

Deepu Choubey

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल