newslifeindia

अहमदाबाद में एअर इंडिया का प्लेन क्रैश:गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी समेत 242 लोग सवार थे; लंदन के लिए टेकऑफ करते ही धमाका हुआ

अहमदाबाद। अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे। विमान लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, तभी टेकऑफ के दौरान एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास उसमें धमाका हो गया। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई। विमान एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ, जो एयरपोर्ट कैंपस से सटा हुआ है। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।

पायलट को 8200 घंटे का उड़ान का अनुभव

विमान के कैप्टन सुमीत सब्बरवाल थे। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। कैप्टन सुमीत सब्बरवाल एक LTC थे। उनके पास 8200 घंटे का उड़ान का अनुभव था। को-पायलट के पास 1100 घंटे का उड़ान का अनुभव था। LTC का मतलब है लाइन ट्रेनिंग कैप्टन। ये अनुभवी पायलट होते हैं जो दूसरे पायलटों को ट्रेनिंग देते हैं।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया

अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है। घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है।

प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां डॉक्टर्स रहते थे

प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। बिल्डिंग में रहने वालों को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है।

सूरत और वडोदरा से राहत टीमें रवाना

हादसे के बाद अहमदाबाद के साथ वडोदरा से फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियां अहमदाबाद भेजी गई हैं। वहीं सूरत से भी रिलीफ एंड रेस्क्यू टीमें अहमदाबाद भेजी गई हैं।

विमान के मलबे से 50 शव निकाले गए

जानकारी के मुताबिक विमान के मलबे से अब तक 50 शव बरामद किये जा चुके हैं। राहत और बचावकर्मी आग बुझाने के साथ-साथ मलबे में घायलों और शवों की तलाश कर रहे हैं।

PM मोदी ने विमान दुर्घटना का जायजा लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की। उन्होंने विमान दुर्घटना का जायजा लिया। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मंत्री से कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहें। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने घटना पर जताया दुख
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य चलाने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।’
Deepu Choubey

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल