मथुरा में बड़ा हादसा: खुदाई के दौरान 6 मकान ढहे, 3 की मौत, कई मलबे में दबे
जेसीबी से हो रही थी खुदाई, टीला अचानक बैठा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी के टीले पर बने छह कच्चे मकान अचानक भरभराकर गिर पड़े, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। जानकारी अनुसार एक खुली जमीन (बाड़े) में जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था, तभी टीले की मिट्टी धंस गई और उस पर बने सभी मकान एक के बाद एक करके गिरते चले गए। इससे पहले एक मकान गिरने की खबर आई थी, जिसके कुछ देर बाद ही बताया गया कि छह मकान ढह गए हैं। घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई। लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला और कई मकानों के लोग मलबे में दब गए। ढहे मकानों के मलबे से अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं, जिनकी पहचान, तोताराम (38), यशोदा (6 वर्ष) और काव्या (3 वर्ष) यशोदा की छोटी बहन के तौर पर हुई है। इसके अलावा चार लोगों को जीवित हालत में बाहर निकाला गया है, जबकि 10 से 12 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू में जुटा सरकारी अमला घटना की सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग, नगर निगम और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बताया गया है कि जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, वहीं एनडीआरएफ और स्थानीय समाजसेवी स्वयंसेवक भी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। लोगों में आक्रोश और दहशत प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त इतनी तेज आवाज आई कि ऐसा लगा मानो भूकंप आया हो। क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। लोग आरोप लगा रहे हैं कि प्रशासन की अनदेखी और बिना सुरक्षा उपायों के की जा रही खुदाई की वजह से यह हादसा हुआ।