हाल ही में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में एक दिलचस्प अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने महज दो घंटे में पांच विज्ञापनों और दो फोटोशूट्स की शूटिंग पूरी कर ली। इस रफ्तार को देखकर निर्देशक भी हैरान रह गए और मजाक में बोले, “आप तो काम करने का तरीका ही बिगाड़ रहे हैं।” अमिताभ ने अपने ब्लॉग में लिखा, “काम कर रहा हूं… और इससे जो खुशी मिलती है, वो गजब की है… करीब दो घंटे में 5 फिल्में और 2 फोटोशूट किए… बेशक ये सब एक विज्ञापन है… लेकिन फिर भी यह बड़ी बात है।” उन्होंने यह भी बताया कि सेट पर मौजूद क्रू और निर्देशक उनसे मजाक में कहते हैं कि वह बाकी कलाकारों के लिए काम मुश्किल बना रहे हैं क्योंकि अब क्लाइंट्स को लगेगा कि कम समय में ज्यादा काम करवाया जा सकता है। बिग बी ने बताया कि वह यह तेजी अपनी सहूलियत के लिए नहीं, बल्कि मजदूरों और अन्य वर्कर्स की भलाई के लिए अपनाते हैं। उन्होंने लिखा, “काम की तेजी प्रोड्यूसर और पूरी टीम के लिए फायदेमंद है। मैं यह सब अपनी सुविधा के लिए नहीं, बल्कि वहां काम कर रहे मजदूरों के लिए करता हूं। उनका समय बचे, यही मेरा मकसद है।” बच्चन ने यह भी कहा कि लोग उनसे अक्सर पूछते हैं कि उन्होंने इंडस्ट्री में क्या बदलाव देखे हैं, लेकिन वह इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कहेंगे क्योंकि आज की मीडिया चीजों को तोड़-मरोड़ कर पेश करती है। उन्होंने लिखा, “आजकल जो भी बात कही जाती है, उसका मतलब बदल दिया जाता है, ताकि कोई मजेदार या चौंकाने वाली हेडलाइन बनाई जा सके।” अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने आखिर में यह भी लिखा, “काम करना बहुत सुखद और संतोष देने वाला है।” बता दें कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन आज भी अपने काम के प्रति उतने ही समर्पित हैं, जितने वह अपने करियर के शुरुआती दौर में थे।








