जबलपुर के सभी तालाबों में पुराई करने पर लगा रखी है रोक
जबलपुर। जबलपुर के ऐतिहासिक एवं प्राचीन तालाब गंगासागर पर हो रही पुराई को अलग कर इस तालाब पर हो रहे अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए| यह शिकायत बुधवार को नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के डॉ पीजी नाजपांडे तथा डीआर लखेरा ने कलेक्टर जबलपुर को भेजी है|
जबलपुर के तालाबों में हो रही पुराई तथा अतिक्रमणों के सिलसिले में डॉ पीजी नाजपांडे द्वारा पूर्व में दायर याचिका (डब्ल्यूपी 8763/2010) में हाईकोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जबलपुर नगर निगम तथा विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में तथा रेवेन्यू रिकार्ड में दर्ज महानद्दा तथा अन्य तालाबों में पुराई एवं निर्माणों पर रोक लगाई जाए|
जब पुन: महानद्दा, देवताल तथा सूरजताल के संबंध में शिकायत की गई तब कलेक्टर ने इसे क्रमांक 0054/बी-121/2022-23 पर प्रकरण दर्ज कर सुनवाई की| यह प्रकरण अभी भी कलेक्टर न्यायालय में लंबित है| अत: निवेदन किया गया कि गंगासागर तालाब के मामलों को भी महानद्दा, देवताल तथा सूरजताल के संबंध में कलेक्टर न्यायालय में दर्ज प्रकरणों में शामिल किया जाए तथा आवश्यक निर्देश जारी करे|
पिछले 8 वर्षों में समिति गठित नहीं हुई
कलेक्टर का ध्यान हाईकोर्ट के दिनांक 8 मार्च 2017 (डब्ल्यूपी 13607/2015) के आदेश के तरफ आकृष्ट किया, जिसमें कलेक्टर के अध्यक्षता में समिति गठित करने को कहा है, जो ऐसे सभी शिकायतों पर 8 सप्ताह के भीतर कार्रवाई करेगी| किन्तु पिछले 8 वर्षों में यह कमेटी गठित नहीं हुई है|