दिल्ली-एनसीआर में कल से 23 तक होगी झमाझम बारिश, यूपी-बिहार के किसानों को राहत
नई दिल्ली। भीषण गर्मी के बीच दिल्ली एनसीआर के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कल यानी 20 से 23 जून तक यहां झमाझम बारिश होगी। जबकि बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कुछ दिनों पहले एक-दो जगहों पर अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को क्रॉस कर गया था। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी प्रचंड गर्मी ने घरों से निकलना दूभर हो गया था। अब मौसम का मूड बदला गया है। शनिवार देर रात आंधी-तूफान के साथ दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश हुई। इसके बाद प्री-मानसून की बरसात और दक्षिण-पश्चिम मानसून की आमद की आहट सुनाई पड़ने लगी। दिल्ली-एनसीआर के लिए ताजा मौसम अपडेट जारी किया गया है। देश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले 24 घंटों के दौरान यह मानसून उत्तर अरब सागर और गुजरात के शेष भागों, राजस्थान के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़ और बिहार के शेष भागों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। एक दवाब का क्षेत्र दक्षिण बांग्लादेश और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल पर बना हुआ है। इसके साथ ही एक चक्रवाती सर्कुलेशन 7।6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी और जल्द ही पश्चिम बंगाल के ऊपर और अधिक प्रभावशाली हो जाएगी। इसका असर बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक में देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी मे लगातार नए सिस्टम एक्टिव होने की वजह से पश्चिम बंगाल से लेकर ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ जैसे प्रदेशों में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। इससे अच्छी बारिश की उम्मीद है। धान का बिचरा गिराने का समय करीब है, ऐसे में किसानों के लिए यह शुभ समाचार है। वहीं, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। फिलहाल यह दौर थमने वाला नहीं है। कर्नाटक और केरल में भी जोरदार बारिश का दौर जारी है। वर्तमान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पूर्वोत्तर राजस्थान और उससे सटे इलाकों पर बना हुआ है। इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम दिशा में फैली ट्रफ रेखा दिल्ली से थोड़ी दक्षिण में स्थित है। यह ट्रफ रेखा 19 जून को उत्तर की ओर बढ़कर दिल्ली के करीब पहुंचेगी और शुक्रवार 20 जून को इसके दिल्ली से गुजरने की संभावना है। वीकेंड पर भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बरसाती मौसम बना रह सकता है, जिसमें साइक्लोनिक सिस्टम की हल्की हलचल बनी रह सकती है। मौसमी हालात को देखते हुए 20 से 23 जून के बीच प्री-मानसून बारिश तेज हो सकती है, जिसमें 20 और 22 जून को वर्षा की तीव्रता सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। इस तरह दिल्ली एनसीआर में इस बार का वीकेंड सुहावना रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। असम, बिहार के कुछ हिस्सों, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्से, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा के कुछ हिस्से, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।