जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में मोहर्रम के चंदा करने के विवाद पर एक मैकेनिक के साथ एक आरोपी ने मारपीट कर रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में राम मंदिर के पीछे गोसलपुर निवासी पेशे से मैकेनिक 35 वर्षीय अब्दुल माजिद ने रिपोर्ट दर्ज कराई। अब्दुल ने पुलिस को बताया कि वह मोटर सायकल सुधारने का काम करता हैं। गत दिवस मोहर्रम पर्व को लेकर उसके समाज वालों की मदरसे में मीटिंग हुई।
मीटिंग में वह तथा आरोपी रियाज उर्फ गोलू खान भी आया था। मीटिंग में मोहर्रम पर्व को लेकर चंदा इकठ्ठा करने की बात हुई। समाज के जुड़े सभी लोगों ने थोड़ा थोड़ा समय देने की बात कही। अब्दुल ने रियाज उर्फ गोलू खान से कहा कि तुम भी थोड़ा समय चंदा इकठ्ठा करने के लिये देना। मीटिंग समाप्त हो गई। शनिवार को अब्दुल अपनी दुकान में बैठा था तभी रियाज उर्फ गोलू खान आया और अब्दुल से कहा कि उसे मम्मी बुला रही हैं।
अब्दुल आरोपी रियाज उर्फ गोलू खान के साथ रियाज के घर गया। जहां रियाज उर्फ गोलू खान गत दिवस की मीटिंग की बात को लेकर गाली गलौज करने लगा। अब्दुल ने गालियां देने से मना किया तो आरोपी रियाज उर्फ गोलू खान ने लोहे की राड से हमलाकर अब्दुल के सिर में चोट पहुंचा दी। रिपोर्ट पर धारा 296, 118(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।








