JABALPUR: आधे घंटे की तेज बारिश में कई स्थानों पर जलप्लावन के नजारे
नाले, नालियों का पानी सड़कों पर भरा, घरों तक जा पहुंचा
जबलपुर। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे से शुरू हुई तेज बारिश ने शहर को पूरी तरह पानी-पानी कर दिया। बारिश का सिलसिला 9:30 बजे तक लगातार मूसलधार बना रहा। इस एक घंटे में करीब 32.1 मिलीमीटर (सवा इंच से अधिक) वर्षा दर्ज की गई। रात से ही हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, लेकिन सुबह की रफ्तार ने हालात बिगाड़ दिए। फिर देर शाम तक रुक रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा. बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। दमोह नाका, सिद्ध बाबा रोड, चेरीताल, हरदौल मंदिर, और दीक्षितपुरा मार्ग में दो फीट तक पानी जमा हो गया। निचले इलाकों में स्थिति और खराब रही। सिद्ध बाबा इलाके में तो दुकानों और घरों में पानी घुस गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक महीने पहले यहां सड़क निर्माण हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने पुराने स्तर पर मिट्टी न हटाकर सीधा ऊंचा निर्माण कर दिया, जिससे पानी की निकासी रुक गई और पानी घरों में घुस गया।
अतिक्रमण बना बाधा… बारिश के कारण लेमागार्डन, सिंधी कैंप, ठक्कर ग्राम, न्यू रामनगर, आनंद कालोनी, और सिविक सेंटर जैसे इलाकों में पानी भर गया। इन क्षेत्रों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, और नालियों पर अतिक्रमण ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। स्थानीय निवासी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अभी तो बरसात की शुरुआत ही है, और ये हालात हैं, आने वाले दिनों में स्थिति और भी खराब हो सकती है। उन्होंने जल्द से जल्द नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
दावों की पोल खुली……. बारिश के पहले ही दौर में शहर की सड़कों पर नालियों का पानी आने से उन दावों की पोल खुल गई जिनमे कहा गया था कि इस बार जलप्लावन नहीं होगा| नाले, नालियों की सफाई के साथ साथ पानी निकासी में बाधक अतिक्रमण भी हटा दिए गए हैं| खास बात तो यह है कि जिन क्षेत्रों में हाल ही में सड़कें बनी हैं, वहां भी जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सही प्लानिंग और समय पर सफाई होती तो हालात इतने खराब नहीं होते।
12 दिन से नहीं सूखीं सड़कें… इस बार मानसून की आमद के बाद जबलपुर में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही। बीते 12 दिनों से लगातार हो रही मंद मंद और तेज बारिश ने शहर की सड़कों को सूखने नहीं दिया है। सड़कों से लेकर मोहल्लों तक जलभराव की स्थिति बन चुकी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक और मूसलधार बारिश की चेतावनी जारी की है।
घरों और दुकानों में भरा नालियों का पानी……. गुरुवार की सुबह आधे घंटे की तेज बारिश से राधाकृष्ण वार्ड में लोगो के घरों दुकानों में नाले नालियों का पानी भर गया| क्षेत्रीय नागरिक एड तरुण कुमार रोहितास ने बताया कि सिंधी कैंप में विगत 2 माह से नालियों की सफाई न होने और राधाकृष्ण वार्ड ठक्कर ग्राम वार्ड से लगा हुआ नाला जिसकी बारिश पूर्व सफाई होनी थी जो नहीं हुई। ठक्कर ग्राम वार्ड क क्षेत्रीय पार्षद गुलाम हुसैन से बोलने के बाद भी ध्यान नहीं दिया गया परिणाम स्वरूप भारी बारिश से जाम नाले नालियों का पानी आज घरों में किचिन तक पहुंचा लोगो की किराना दुकानों के अंदर पानी आने से राशन खाद्य सामग्री खराब हुई। आम नागरिकों ने निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया तत्काल महापौर को फोन लगाया जिससे भान तलैया जोन क्रमांक 8 के सफाई कर्मी नाला गैंग सक्रिय हुई साथ ही राधाकृष्ण वार्ड की पार्षद माधुरी सोनकर बारिश समाप्त होने के 2 घंटे बाद आई ओर नालियों पर अतिक्रमण अलग करने के लिए कहा।