JABALPUR: अगले 24 घंटों में भारी वर्षा की संभावना, नदियों, जलाशयों का जल स्तर बढ़ा, अलर्ट पर रहने निर्देश
जबलपुर। पिछले एक हफ्ते से मानसून सक्रिय है| शुक्रवार से झमाझम बारिश जारी है| मौसम विभाग ने 10 जून तक मानसून के जोरदार सक्रिय रहने पर अलर्ट जारी किया है| पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग साढ़े 4 इंच बारिश हो चुकी है और इस साल वर्षा का आंकड़ा 14 इंच पहुंच गया है| पूर्वी उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल में हवा के कम दबाव का क्षेत्र व चक्रवात बनने से मध्यप्रदेश में अच्छी बारिश के आसार बन गए हैं। पानी की रिमझिम फुरफुराहट और आसमान पर छाए बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हवा में नमी बढ़ जाने से बारिश के संकेत मिल रहे हैं। शनिवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाये रहे। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है|
जबलपुर सहित आसपास जिले में हो रही बारिश के बाद नर्मदा नदी, परियट, धुआंधार, बगदरी फॉल, खंदारी, सहित अन्य रमणीक स्थानों पर जलस्तर बढ़ गया है| ऐसे में तमाम एहतियात बरतने के निर्देश ग्राम कोटवारों, आपदा प्रबंधनों दलों को दिए है| आज अवकाश दिवस होने के कारण रमणीक स्थलों पर भीड़ होने की संभावना के मद्देनजर बेरीकेटिंग करने के लिए निर्देश दिए गए|
इधर मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 25.06 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 7 डिग्री कम व न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री दर्ज किया गया है। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया था। हवा में नमी प्रातःकाल 96 प्रतिशत और सायंकाल 93 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय प्रातः ५.३० बजे और सूर्यास्त शाम ७.०० बजे हुआ। दक्षिणी पश्चिमी हवायें 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है| पिछले 24 घंटों के दौरान 111.06 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। 1 जून से अब तक कुल वर्षा 348.6 मिली मीटर (14 इंच)दर्ज की जा चुकी है जबकि गत वर्ष आज के दिन तक कुल वर्षा 5.2 मिली मीटर वर्षा हुई थी|