जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने मंडला जिले के नैनपुर नगर पालिका परिषद कार्यालय में छापा मारा, जहां पदस्थ सीएमओ को 15000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा गया। जानकारी के मुताबिक सीएमओ ने मंडला जिले के नैनपुर में रहने वाले ठेकेदार राजेंद्र सिंह ठाकुर से उनकी अमानत राशि और रुके हुए बिल को जारी करवाने के लिए एवज में रिश्वत मांगी थी। जबलपुर लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबडे ने बताया कि नैनपुर में रहने वाले ठेकेदार राजेंद्र सिंह ठाकुर ने नगरपालिका नैनपुर के अंतर्गत सीसी रोड और नाली निर्माण किया था। इस पूरे काम के एवज में राजेंद्र सिंह ठाकुर के तकरीबन डेढ़ लाख रुपए के बिल रुके थे, इसके अलावा उन्होंने अमानत राशि जो कि डेढ़ लाख की थी वह भी जमा की थी। दोनों ही राशि को निकलवाने के एवज में नगर पालिका सीएमओ राजाराम ने 15000 रुपए रिश्वत की मांग आवेदक से की थी। सीएमओ गुरुवार को हाईकोर्ट के काम से नैनपुर से जबलपुर आए हुए थे, इस दौरान ठेकेदार राजेंद्र सिंह ठाकुर भी जबलपुर में थे। सीएमओ ने राजेंद्र सिंह ठाकुर को फोन लगाकर हाईकोर्ट के गेट नंबर 5 पर रिश्वत के रुपए लेकर बुलाया था। शुक्रवार की दोपहर जैसे ही राजेंद्र सिंह ठाकुर ने सीएमओ राजाराम को रिश्वत के 15000 रुपए दिए तभी लोकायुक्त पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद लोकायुक्त पुलिस सर्किट हाउस 2 में लेकर आई है, जहां पर कि कार्यवाही जारी है।








